वैद की डायरी में वैद हैं। हर रंग में। जलते-सुलगते। बेलिहाज रोशनी में अपने को टटोलते। अपने लेखन के प्रति समर्पित और शंकालु। लेखकों, किताबों, कलाओं और कलाकारों के प्रति सदय और कभी-कभार सख्त भी। विवरणों में बेहद नपे-तुले। जिक्र अपना हो या दूसरों का, वह अटपटे और आत्ममुग्ध प्रसंगों से परे है। उर्दू कविओं की तरह बात को एक बहर में कहने का सलीका उन्हें खूब आता है। उनका यह विलक्षण गद्य-गुण उनकी पहली औपन्यासिक कृति,''उसका बचपन'' से ही ज़ाहिर हो गया था। इन पचास वर्षों में भी उसकी काव्यात्मक अन्विति और प्रभाव में कोई कमी नहीं आई है। बहुत सफलतापूर्वक उन्होंने निर्भीक औपन्यासिक प्रयोग किए और हिन्दी नाटकों को वैसी नाट्य कृतियाँ दी जो उसके सुदीर्घ विकास में अनहुआ थीं। तीन बरस पहले जब उनकी पहली डायरी,''ख़्वाब है दीवाने का'' छप कर आई तब यह भी साफ हो गया कि इस विधा में भी वैद लगा-बंधा न लिखकर वह दर्ज कर रहे हैं जिसकी ज़द्दोजहद में एक लेखक ताउम्र रहता है। यूं यह उनके लंबे अमरीकी प्रवास की डायरी है और इसे उनके हालिया प्रकाशित दूसरी डायरी,''शम'अ हर रंग में'' से मिला कर पढ़ें तो यहाँ-वहाँ के कूल-किनारों पर तिरता वैद का एक टुकड़ा जीवन और लेखन के अन्तःसूत्र आसानी से मिल सकते हैं। यहाँ दर्ज लंबे पर महत्वपूर्ण रचना-प्रसंग वैद में प्रवेश के द्वार हैं। खामोश और संजीदा दिखते वैद ने अपने मन को इस 'इन्द्राज' (डायरिओं को दिया उनका पुकारू नाम) से जितनी ईमानदारी से बांटा है, उससे वह पहले से कहीं ज्यादा वेध्य ही नहीं, बोध्य भी हो चले हैं। उन पर आलोचकों ने हद बचकानी टीपें की हैं। वे अगर इन बेहद के मैदानों में घूम-घाम आने की जहमत उठाते तो उनमें निश्चय ही कुछ सयानापन आ गया होता, अस्तु...
( प्रख्यात कथाकार कृष्ण बलदेव वैद की डायरियों को क्रमशः राजपाल और राजकमल प्रकाशन ने छापा है । )
( प्रख्यात कथाकार कृष्ण बलदेव वैद की डायरियों को क्रमशः राजपाल और राजकमल प्रकाशन ने छापा है । )
4 comments:
आप जानते है आज से चार साल पहले मैंने "कृष्ण बलदेव वैद" की कृति ''उसका बचपन'' पढ़ा था ये नोबेल मुझे बहुत पसंद आयी। अब उनकी डायरी....
क्त्नास्फ२१वैद साहब का कहने का सलीका बड़ा अनूठा है |अपने पात्रों के मुख से उन्ही की शैली मे कहलवाने की विधा आपको बाखूबी आती है |कही सामाजिक दायरे से बाहर आकर कुछ नया कहने की अकुलाहट तो कभी freud के मनोविश्लेशन की विधा का भारतीय पृष्ठभूमि मे मानसिक ज़द्दोज़हद का विश्लेषण | आज भी उनकी डायरी मे कुछ न कुछ नए पन्ने निकल आते है | हाल मे ही उनके उपन्यास 'एक नौकरानी की डायरी' को पढ़ने का अवसर मिला | यहा डायरी भी है और नौकरानी भी| एक तरफ़ नौकरानी के सामाजिक स्थिति को पडोसा है उन्होंने तो दूसरी तरफ़ उस नौकरानी मे मौजूद युवा होती वनिता का freudian चित्रण | बस यहा मौलिकता की थोडी कमी है| frued कुछ ज़्यादा ही नज़र आते है यहा |कुछ ऐसा ही उपन्यास लिखा था freud ने |
अनुराग जी यूं ही भटकते हुए आपके ब्लाग तक पहुंचा. अच्छा लगा. आपने उम्दा सामाग्री जुटायी हुई है. बधाई और शुभकामनायें.
vaid sab ki dono diariyan maine padhi hai. wilakshan hai yh.akeli aur star men sirf malyaj ke diariyon ke jod ki.un pr unhin ki shaili men likha yh lekh adbhut hai. badhai.
Post a Comment